बिहार में 6 करोड़ लोगों की होगी हेल्थ स्क्रीनिंग, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड बनेगा

बिहार में बुधवार को 'जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' अभियान की शुरुआत की गई है। इस राज्यव्यापी अभियान का उद्देश्य लोगों को गंभीर बीमारी का इंतजार करने के बजाय समय रहते उसकी पहचान और उपचार देना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित कार्यक्रम में सभी 38 जिलों के लिए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के तहत राज्य के करीब छह करोड़ लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग कर उनका डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। यह अभियान 2 सितंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की पहल
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के निर्देशन में महत्वपूर्ण पहल है। बिहार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर प्राथमिक जांच और परामर्श देंगे। जरूरत पड़ने पर मरीजों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर से लेकर जिला अस्पताल तक उपचार की सुविधा मिलेगी।
अस्पतालों में बढ़ी सर्जरी की संख्या
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है जिससे अस्पतालों से मरीजों के रेफरल में कमी आई है। जिला अस्पतालों में सर्जरी की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। जून में जिला अस्पतालों में 2,428 ऑपरेशन हुए थे, जो अब बढ़कर 8,000 से अधिक हो गए हैं। जिला और अनुमंडल अस्पतालों में पहले 36 प्रकार की बीमारियों की सर्जरी हो रही थी, जिसे बढ़ाकर अब 45 प्रकार कर दिया गया है। एनीमिया की जांच के लिए भी विशेष अभियान के तहत एक करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य है।
बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन को मजबूती
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 'मिशन कायाकल्प' शुरू किया गया है। इसके माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की व्यवस्थाओं को सुधारा जाएगा। नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी ताकि उन्हें देश और विदेश में रोजगार मिल सके। सभी जिलाधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा हो सके।