बिहार में किसान सलाहकारों ने नीतीश कुमार से की मुलाकात, स्थायीकरण समेत इन मांगों का सौंपा ज्ञापन

बिहार प्रदेश किसान सलाहकार संघ के अध्यक्ष राजाराम सिंह के नेतृत्व में किसान सलाहकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की एवं किसान सलाहकारों से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा।
- नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने 2010 से पंचायत स्तर पर कार्यों की दी जानकारी।
- जनसेवक, ग्रामीण प्रसार कार्यकर्ता के पद पर स्थायीकरण की मांग।
- रिक्त पदों पर नियमसंगत प्रक्रिया के तहत समायोजन और सम्मानजनक मानदेय देने की मांग।
- महिला किसान सलाहकारों को मातृत्व अवकाश सहित आवश्यक सुविधाएं देने का आग्रह।
नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जानकारी दी की वर्ष 2010 से किसान सलाहकार पंचायत स्तर पर कृषि प्रसार एवं किसानों से जुड़े कार्यों में निरंतर योगदान दे रहे हैं। उनके 16 वर्षों के सेवाकाल एवं भविष्य को देखते हुए उन्हें जनसेवक, ग्रामीण प्रसार कार्यकर्ता के पद पर स्थायीकरण किया जाय।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से नीतीश कुमार के समक्ष अपनी मांगो को रखा, जिनमें जनसेवक के रिक्त पदों पर नियमसंगत प्रक्रिया के तहत समायोजन का मार्ग प्रशस्त करना, समायोजन तक सम्मानजनक मानदेय एवं सेवा-सुविधाएं सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा कृषि विभाग के अतिरिक्त कार्यों को देखते हुए उचित सेवा-मान्यता एवं महिला किसान सलाहकारों को मातृत्व अवकाश सहित आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने सहित अन्य मांगों की बात रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने नीतीश कुमार से अपने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक पहल का आग्रह किया। वहीं नीतीश कुमार ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना एवं उनकी मांगो पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह करने की बात कही।
इस दौरान बैठक में मंत्री अशोक चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में पार्टी के उप-नेता ललन कुमार सर्राफ एवं मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी उपस्थित थे।