बिहार में खुलेगा नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का नया कैंपस, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

पटना में 01 सितंबर को बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी एनएसडी के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय बिहार की समृद्ध नाट्य परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देगा।
बिहार कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान विभूतियों की भूमि है। राज्य की लोक नाट्य और प्रदर्शन कलाओं की गौरवशाली परंपरा रही है। बिहार में एनएसडी कैंपस के खुलने से युवा कलाकारों को पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और उन्नत शोध के लिए अच्छे अवसर मिलेंगे। प्रतिभाशाली कलाकारों को अब प्रशिक्षण के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
बिहार सरकार ने नाट्य कलाओं के संरक्षण के लिए बिहार संगीत नाट्य अकादमी की स्थापना की है। एनएसडी का कैंपस इस दिशा में राज्य के प्रयासों को और मजबूती देगा। बिहार सरकार एनएसडी कैंपस के लिए उपयुक्त जमीन देने और भवन निर्माण की लागत का 50 प्रतिशत खर्च उठाने के लिए कार्रवाई कर रही है। राज्य सरकार संस्थान की जल्द स्थापना के लिए हरसंभव प्रशासनिक मदद देगी।