बिहार में राजस्व विभाग का बड़ा एक्शन: 6 अंचल अधिकारियों पर गिरी गाज

बिहार राजस्व विभाग ने लापरवाही और अनियमितता के आरोप में 6 अंचल अधिकारियों पर गाज गिराई है। किशनगंज और कटिहार के अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई हुई है।

Ghazala Saheb26 October 20262 min read0 viewsBihar
बिहार में राजस्व विभाग का बड़ा एक्शन: 6 अंचल अधिकारियों पर गिरी गाज

बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ अब तक का सबसे सख्त रुख अपनाया है। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश पर विभाग ने राज्य के छह अंचल अधिकारियों (CO) के विरुद्ध दंडात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। इस बड़ी कार्रवाई की जद में किशनगंज और कटिहार जैसे जिलों के अधिकारी भी आए हैं, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

किशनगंज के दो अधिकारियों पर भी शिकंजा

राजस्व कार्यों में कथित अनियमितता को लेकर किशनगंज जिले के दो अधिकारियों को विभाग ने सीधे निशाने पर लिया है।

  • ओम प्रकाश भगत (तत्कालीन सीओ, ठाकुरगंज): इन पर जाति प्रमाण-पत्र जारी करने में गंभीर अनियमितता का आरोप है। बताया जा रहा है कि निर्धारित योग्यता पूरी न होने के बावजूद पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल जातियों के प्रमाण-पत्र जारी किए गए। सजा के तौर पर इनकी दो वेतनवृद्धियों पर संचयी प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इतना ही नहीं, इनके और संबंधित राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने का भी आदेश दिया गया है।
  • निश्चल प्रेम (तत्कालीन सीओ, किशनगंज): इन पर बिना किसी आधिकारिक कार्यादेश के अग्रिम भुगतान करने और वित्तीय अनियमितता बरतने का आरोप है। इनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

अन्य जिलों के अधिकारियों पर भी गिरी गाज

विभाग की यह कार्रवाई केवल किशनगंज तक सीमित नहीं रही, बल्कि रोहतास, कटिहार और अन्य क्षेत्रों के अधिकारियों पर भी गाज गिरी है।

रोहतास और कटिहार में बड़ी कार्रवाई

राजस्व कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने निम्नलिखित अधिकारियों पर भी एक्शन लिया है:

  • जितेंद्र कुमार सिंह (तत्कालीन सीओ, अकोढ़ीगोला, रोहतास): दाखिल-खारिज (Mutation) के मामलों के निष्पादन में लापरवाही और अनियमितता बरतने के कारण इनकी तीन वेतनवृद्धियों पर संचयी प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया गया है।
  • ललन कुमार मंडल (तत्कालीन सीओ, बरारी, कटिहार) और महेश प्रसाद सिंह (तत्कालीन सीओ, मनसाही, कटिहार): इन दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अलग-अलग मामलों में आरोप पत्र गठित किए गए हैं।

गोगरी के अधिकारी पर भी एक्शन

गोगरी के तत्कालीन अंचल अधिकारी राज नारायण राजा के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई करते हुए उनकी दो वेतनवृद्धियों पर संचयी प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है।

पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की कवायद

राजस्व विभाग की इस कड़ी कार्रवाई के पीछे का मुख्य उद्देश्य राजस्व कार्यों में पारदर्शिता लाना और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि दाखिल-खारिज, जमाबंदी, प्रमाण-पत्र निर्गमन और सरकारी निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए विभाग अब और भी सख्त निगरानी रखेगा।

Share:

Comments

Leave a comment