बिहार में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से होंगे विशेष कार्यक्रम

Ghazala Saheb16 September 20262 min read9 viewsBihar
बिहार में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से होंगे विशेष कार्यक्रम

बिहार में विकसित भारत–2047 के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य को लेकर सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा स्मरण, सेवा ज्योति यात्रा और 25 साल, 25 कहानियाँ–नेशनल अनबॉक्सिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान की तैयारियों को लेकर कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की है।

जिलाधिकारियों को दिए गए निर्देश

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध लोक कला, लोक संगीत और लोक नाट्य परंपरा को इस अभियान से जोड़ा जाए। इसके माध्यम से सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों से होगा प्रचार

सेवा स्मरण के तहत 17 सितंबर से विभिन्न जिलों में विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर संगीतमय प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक होंगे। 2 अक्टूबर को पटना, भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में विशेष मंचन किया जाएगा। प्रत्येक जिले में लगभग 18 से 20 नाट्य टोलियों को इस अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया गया है।

गांव-गांव पहुंचेगी सेवा ज्योति यात्रा

जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी से सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसमें युवाओं और सांस्कृतिक दलों की सक्रिय भागीदारी होगी। यात्रा के समापन पर जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थी संवाद और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नेशनल अनबॉक्सिंग के जरिए दिखाए जाएंगे विकास कार्य

25 साल, 25 कहानियाँ–नेशनल अनबॉक्सिंग के तहत देश की विकास यात्रा से जुड़ी 25 प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की किट तैयार की जाएगी। इस किट में योजनाओं की जानकारी के साथ क्यूआर कोड भी होंगे, जिसे गणमान्य व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा। मंत्री ने सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने का भी निर्देश दिया है।

Share:

Comments

Leave a comment