बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने की समीक्षा

बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण तथा 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित किया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर राज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
विभाग की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समय पर तैयारियां पूरी करने और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाने को कहा। उन्होंने कला और संस्कृति के माध्यम से सेवा, समर्पण और 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसके साथ ही कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक दलों, युवाओं और आम लोगों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नुक्कड़ नाटक और विद्यालयों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
'सेवा स्मरण' कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में 18 से 20 नाट्य एवं नुक्कड़ नाट्य टोलियों की पहचान कर उन्हें अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। इन दलों के माध्यम से विकास और जनकल्याण के विषयों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। विद्यालयों में होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठकों के दौरान भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित करने को कहा गया है ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को जोड़ा जा सके।
'सेवा ज्योति यात्रा' और डिजिटल प्रचार-प्रसार
जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली जाएगी जिसमें युवाओं और स्थानीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी होगी। यात्रा के समापन पर जनकल्याणकारी योजनाओं और लाभार्थी संवाद के कार्यक्रम होंगे। मंत्री ने सोशल मीडिया, रील्स और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए ताकि युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके। भारत की विकास यात्रा की 25 प्रमुख योजनाओं वाली क्यूरेटेड किट भी तैयार की जाएगी जिसमें क्यूआर कोड शामिल होंगे।