बिहार में आधुनिक टाउनशिप विकास के लिए हुआ बड़ा समझौता, सीईपीट करेगी तकनीकी सहयोग

Ghazala Saheb15 September 20261 min read11 viewsBihar
बिहार में आधुनिक टाउनशिप विकास के लिए हुआ बड़ा समझौता, सीईपीट करेगी तकनीकी सहयोग

बिहार में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग और सीईपीट एडवाइजरी फाउंडेशन (सीएएफ), अहमदाबाद के बीच मंगलवार को तकनीकी सहायता इकाई (टीएसयू) की स्थापना के लिए समझौता हुआ। यह समझौता मंत्री नीतीश मिश्रा की उपस्थिति में हुआ और इस दौरान विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार भी मौजूद रहे। समझौते पर नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवल किशोर चौधरी और सीएएफ के निदेशक दर्शन पारिख ने हस्ताक्षर किए।

ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का होगा विकास

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस तकनीकी सहयोग से बिहार में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित और सतत विकास को गति मिलेगी। सीएएफ द्वारा आधुनिक शहरी नियोजन, स्थानिक विकास पहल, नीति निर्माण, भूमि उपयोग नियोजन, आधारभूत संरचना विकास और दीर्घकालिक शहरी विकास की रणनीति तैयार करने में तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित और समृद्ध बिहार के विज़न के अनुरूप राज्य में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए और आधुनिक शहरी क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है।

डेटा आधारित और वैज्ञानिक शहरी नियोजन

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सीईपीटी एडवाइजरी फाउंडेशन जैसी प्रतिष्ठित संस्था के साथ यह सहयोग बिहार में सुनियोजित, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। तकनीकी सहायता इकाई विभाग को डेटा आधारित, वैज्ञानिक और आधुनिक शहरी नियोजन के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी। इसके माध्यम से ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक आधारभूत संरचना, पर्यावरणीय स्थिरता और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं से युक्त विकसित शहरी क्षेत्र के रूप में आकार देने में सहायता मिलेगी।

Share:

Comments

Leave a comment