बिहार में लॉन्च हुआ 'बिहार विद्या साथी' ऐप, 3 लाख छात्रों को मिलेगा 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षकों का साथ

बक्सर 24 अगस्त (हि.स.): मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का शुभारंभ किया। इस पहल से करीब 3 लाख विद्यार्थियों को 24×7 ऑनलाइन शैक्षणिक सहयोग मिलेगा।
छात्रों को मिलेगा व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार शिक्षक का चयन कर वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग देंगे। कक्षा 9वीं-10वीं के सभी विषयों तथा 11वीं-12वीं विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बिहार बोर्ड, जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध होगी।
एआई टूल्स से होगी बेहतर पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक एआई टूल्स के माध्यम से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग और अभ्यास को बेहतर बनाया जाएगा। यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ऐप पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई तथा छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के प्रयोग का डेमो दिया। बक्सर समाहरणालय से जिला पदाधिकारी साहिला, सहायक समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं विद्यार्थी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े।