बिहार के 700 मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप शुरू, छात्रों को मिलेगा 24 घंटे शिक्षक सहयोग

Ghazala Saheb24 August 20261 min read77 viewsBihar
बिहार के 700 मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप शुरू, छात्रों को मिलेगा 24 घंटे शिक्षक सहयोग

बिहार में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ नामक वन-टू-वन इंटरैक्टिव शैक्षणिक प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया है। इस ऐप के जरिए विद्यार्थियों को चौबीसों घंटे और सातों दिन ऑनलाइन शिक्षक की सुविधा मिलेगी।

3 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

राज्य के सभी 38 जिलों के 700 मॉडल विद्यालयों से इस योजना की शुरुआत हुई है। इससे करीब तीन लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए चौबीसों घंटे लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार शिक्षक चुनकर वन-टू-वन संवाद के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे।

75 हजार शिक्षक देंगे व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग

करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों में तथा कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट मिलेगा। इसके साथ ही बिहार बोर्ड, जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

एआई टूल्स से बेहतर होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग

आधुनिक एआई टूल्स के माध्यम से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाया जाएगा। विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी। 700 मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही यह व्यवस्था आगे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी बढ़ाई जाएगी।

लघु फिल्म का प्रदर्शन और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं ने ऐप के उपयोग का डेमो प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment