मलेशिया में रेड के बाद जंगल में छिपे बिहार के घायल युवा, इलाज और मदद की गुहार

Ghazala Saheb10 September 20261 min read8 viewsBihar
मलेशिया में रेड के बाद जंगल में छिपे बिहार के घायल युवा, इलाज और मदद की गुहार

किशनगंज के कई युवा मलेशिया में प्रशासन की रेड के बाद जंगल में छिपे हुए हैं और उन्हें इलाज नहीं मिल रहा है। युवकों ने वीडियो भेजकर पूर्व विधायक मुजाहिद आलम को अपनी स्थिति की जानकारी दी है। मलेशिया में रेड के दौरान भागने के क्रम में कुछ युवाओं के गंभीर रूप से घायल होने का दावा किया गया है।

वीजा नहीं होने से इलाज में परेशानी

वीजा नहीं होने के कारण घायल युवकों को स्थानीय स्तर पर दवा और इलाज मिलने में परेशानी हो रही है। वीडियो में रिजवान आलम नामक युवक ने बताया कि वह घर से करीब 300 रुपये की दवा लेकर आया था और फिलहाल उसी दवा का सेवन कर रहा है। पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने बताया कि मामले को लेकर भारतीय दूतावास से बातचीत की गई है।

गिरफ्तार युवकों और साथियों की स्थिति

अभी तक गिरफ्तार युवकों को कहां रखा गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। जंगल में छिपे अन्य युवकों को भी अपने साथियों के ठिकाने की जानकारी नहीं है। युवकों पर मलेशिया में कौन-कौन से आरोप और धाराएं लगाई गई हैं, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

दुबई में फंसे मो मुमतजीर आलम का मामला

कुट्टी पंचायत निवासी मो मुमतजीर आलम भी दुबई में फंसे हुए हैं और उन पर ट्रैवल बैन के साथ 15 हजार दिरहम का जुर्माना लगाया गया है। हाल ही में हादसे में उनका हाथ भी फ्रैक्चर हुआ है। मुजाहिद आलम के अनुसार, मुमतजीर आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं और 15 हजार दिरहम का जुर्माना भरने में सक्षम नहीं हैं। मुमतजीर की वतन वापसी के लिए भारतीय दूतावास को पत्र भेजकर ट्रैवल बैन हटाने और जुर्माना माफ करने की मांग की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment