हाल के दिनों में मानसून के बाद हुई बारिश ने बिहार में मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया है। राज्य के सभी 38 जिलों में मौसम ने करवट ले ली है और लगातार तापमान में भी गिरावट आई है। हालांकि अब बारिश का कोई असर बिहार में नहीं है। इस वजह से मौसम पूरी तरह से शुष्क है, जिससे पश्चिम की तरफ से बहने वाली पछुआ हवा के प्रभाव से मौसम सर्द होने का अनुमान है। वहीं राज्य में 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार बिहार में आने वाले दिनों मौसम में बदलाव काफी तेजी से दिखेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी हवा के प्रवाह में कमी आने के साथ ही तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बिहार में पश्चिमी हवा का प्रवाह होते ही 10 नवंबर तक ठंड का प्रभाव बढ़ जाएगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 3 से 4 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। इस दौरान दिन में गर्मी और देर रात से सुबह तक सर्द का एहसास होगा। शहर के बाहरी क्षेत्रों में सुबह धुंध होने की संभावना है। नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम में और बदलाव होने की उम्मीद है। पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी की वजह से पछुआ हवा की रफ्तार में तेजी आने का अनुमान है। इससे दिन के साथ ही रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। इस कारण से ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से ज़ाहिर है कि बिहार में ठंड जल्द ही दस्तक देने वाला है और बिहारवासी जल्द ही इस बदलते मौसम में हल्की हल्की ठंड का मज़ा ले पाएंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *