चीर नदी पर बनेगा नया पुल

चीर नदी पर 58 साल पूर्व निर्मित पुल जर्जर हो चुका है। पुल मरम्मत कराने लायक तक नहीं है। वाहनों के दवाब झेलने की स्थिति में नहीं है। पुल कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है। बिहार को झारखंड व बंगाल से जोडऩे वाला यह महत्वपूर्ण पुल है। इस पुल का निर्माण वर्ष 1963 में कराया गया था। उचित रखरखाव के अभाव में पुल खराब हो गया। इस पुल पर भागलपुर, धोरैया, गोड्डा, बांका सहित बंगाल व झारखंड के प्रतिदिन छोटे-बड़े 20 हजार से अधिक वाहनों का परिचालन होता है। इसलिए अब इस पुल की जगह चीर नदी पर जल्द ही नए पुल का निर्माण होगा।

टेंडर हुआ ज़ारी

बिहार को झारखंड से जोडऩे वाले भागलपुर-गोड्डा मार्ग पर पंजवारा के पास चीर नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस पुल का टेंडर ज़ारी किया गया है। सात जनवरी 2022 को टेंडर की तकनीकी बिड खुलेगी। इसमें सफल एजेंसी की वित्तीय बिड खोली जाएगी। चयनित एजेंसी को 24 महीने में पुल निर्माण पूरा करना होगा।

2024 में चालू होगा पुल

ठीकेदार को छह जनवरी तक टेंडर भरने का समय दिया गया है। इसके लिए 10 हजार आवेदन शुल्क है। 40 करोड़ की लागत से बनने वाले उच्च स्तरीय पुल निर्माण को अक्टूबर में शुरू करने की योजना थी, लेकिन डिजिटल सिग्नेचर के पेंच में मामला री-टेंडर में फंस गया। अब मार्च 2022 में इस पुल का निर्माण शुरू होगा और इसे जनवरी 2024 में चालू करने की योजना है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *