राज्य में बढ़ता प्रदूषण और महँगे होते पेट्रोल को देखते हुए सीएनजी और पीएनजी का फैलाव नए साल में राजधानी के बड़े इलाके में करने की तैयारी चल रही है। जी हां, साल 2022 में राजधानी पटना में सीएनजी के 18 नए स्टेशनों को शुरू करने की योजना है।

गेल इंडिया लिमिटेड कर रहा है तेज़ी से कार्य

वहीं, पीएनजी का फैलाव भी शहर के कई बड़े इलाके में करने की योजना पर गेल इंडिया लिमिटेड तेजी से काम कर रही है। बताते चलें कि अभी राजधानी में 45 हजार किलो से ज्यादा सीएनजी की खपत प्रतिदिन है। जो दिसंबर 2022 तक बढ़ाकर एक-सवा लाख किलो सीएनजी प्रतिदिन खपत करने की योजना है। अभी पटना जिले में सीएनजी स्टेशनों की संख्या 12 है जो मार्च 2022 तक बढ़कर 20 और दिसंबर 2022 तक बढ़कर 30 हो जाएगी।

बस स्टेशन के पास स्टेशन

गेल इंडिया को शहर में बस स्टेशनों के नजदीक सीएनजी स्टेशन दिसंबर 2022 के पहले स्थापित करना है। इससे सीएनजी में कन्वर्ट हो रही बसों को गैस प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। अभी शहर में लगभग 15 हजार सीएनजी गाड़ियों का परिचालन हो रहा है। अगले वर्ष दिसंबर तक इनकी संख्या भी दोगुनी से ज्यादा होने की संभावना है।

गांधी मैदान के पास शुरू होगा डीआरएस स्टेशन

इस कदम से नए साल में पटनावासियों को स्वछ ऊर्जा के साथ ही बढ़ते पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से हो रही परेशानी से भी राहत मिलेगी। वर्ष 2022 में शहर के कई नए इलाकों में पीएनजी गैस की सप्लाई शुरू करने की योजना है। इसके तहत वर्ष के शुरू में ही गांधी मैदान के नजदीक डीआरएस स्टेशन शुरू हो सकेगा। अभी दानापुर से गांधी मैदान तक बिछाई गई पाइपलाइन का हाइड्रा टेस्ट का काम चल रहा है। इसके बाद गांधी मैदान के आसपास के इलाकों में पीएनजी गैस सेवा शुरू हो सकेगी। नए साल में गांधी मैदान के नजदीक मौजूद होटलों को भी पीएनजी गैस की आपूर्ति होने लगेगी। इसके अलावा अनीसाबाद और बाइपास से सटे इलाकों में भी पीएनजी गैस मुहैया करायी जाएगी।`

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *