बिजनौर में दिल दहला देने वाली घटना: 6 साल के बच्चे को गुलदार ने बनाया निवाला, खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गुलदार का आतंक सामने आया है जहां एक छह साल के बच्चे को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। बुधवार की देर रात यह घटना नजीबाबाद थाना क्षेत्र के कोतवाली रोड स्थित कुसुम विहार कॉलोनी के पास हुई। गुलदार बच्चे को झपट्टा मारकर खेत में उठा ले गया जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
गुरुवार की सुबह दोबारा तलाश शुरू करने पर एक खेत से बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ जिसका आधा शरीर गुलदार खा चुका था। मृत बच्चे की पहचान भूदेव कश्यप के बेटे के रूप में हुई है।
मौके पर एसडीएम, तहसीलदार और वन विभाग के अधिकारी पहुंचे और इलाके में पिंजरा लगवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। डीएफओ जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि विभाग लगातार अपील कर रहा है कि खेतों के पास बच्चों को न ले जाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। घटनास्थल के पास ड्रोन से तलाशी और पिंजरा लगाने के इंतजाम किए जा रहे हैं।