भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाएगी सेवा समर्पण अभियान, प्रधानमंत्री होंगे महाकुंभ में शामिल

सीवान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर एक माह के सेवा समर्पण अभियान की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के संसदीय एवं सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और लाभार्थियों से आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा। प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
अभियान की शुरुआत और रूपरेखा
पर्यटन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने के साथ होगी। शाम आठ बजे जिले के घरों, मंदिरों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा विकसित, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी भारत के निर्माण के लिए शुभकामनाएं दी जाएंगी। सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन में हमेशा ‘सेवा’ को प्राथमिकता दी गई है और गरीब, महिला, किसान तथा युवाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं।
गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
भाजपा नेताओं ने बताया कि अभियान के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना जैसी विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा यात्रा, सेवा सेतु अभियान, रंगोली के माध्यम से योजनाओं का प्रदर्शन और ‘25 साल, 25 कहानियां’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों का महाकुंभ
अभियान के अंतिम चरण में जनप्रतिनिधियों का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से सवा लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं। इस मौके पर विधायक करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, संजय कुमार पांडे, मुकेश कुमार बंटी, नंद प्रसाद चौहान, अनुराधा गुप्ता, रंजीत गुप्ता सहित कई नेता उपस्थित थे।