एनएच-58 पर खड़े ट्रक से टकराई ब्रेजा कार, हादसे में महिला की मौत, छपार में पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

एनएच-58 पर बरला के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। देहरादून से बुलंदशहर जा रही ब्रेजा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। मृतका के देवर की तहरीर पर छपार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहरादून से बुलंदशहर जा रहे थे कार सवार
संजय कुमार, निवासी ग्राम आलमगीर धनौरा, थाना कोतवाली देहात, बुलंदशहर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 अगस्त 2026 को उनके छोटे भाई स्वर्गीय संजीव कुमार की पत्नी संगीता कपासिया, उम्र करीब 38 वर्ष, ब्रेजा कार संख्या UP-13 CH 1603 से देहरादून से अपने गांव की ओर जा रही थीं। संजय कुमार भी दूसरी कार से कुछ दूरी पीछे चल रहे थे। सुबह करीब 7 बजे जब कार छपार थाना क्षेत्र में एनएच-58 पर बरला के पास पहुंची, तब यह हादसा हुआ।
अचानक ट्रक रुकने से हुआ भीषण हादसा
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ब्रेजा कार के आगे चल रहे ट्रक संख्या RJ-01GD 8318 के चालक ने बिना इंडीकेटर या अन्य संकेत दिए अचानक ट्रक रोक दिया। पर्याप्त दूरी नहीं होने के कारण कार चालक के ब्रेक लगाने के बावजूद कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ब्रेजा कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
कार में सवार पांच लोगों को आईं चोटें
हादसे के समय कार में चालक मोहित कुमार पुत्र राजपाल सिंह के अलावा संगीता कपासिया, सर्वेश देवी, विमला देवी और सरिता सवार थीं। हादसे में सभी को चोटें आईं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर पहुंचाया गया, जहां गंभीर चोटों के कारण संगीता कपासिया को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
हायर सेंटर में इलाज के दौरान हुई मौत
संगीता कपासिया को शीला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां 15 अगस्त 2026 को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार के बाद संजय कुमार ने छपार थाने पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा और शुरू की जांच
तहरीर के आधार पर छपार पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों, ट्रक चालक की लापरवाही और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।