बक्सर में कृषि टास्क फोर्स की बैठक: फसल क्षति और उर्वरक आपूर्ति की समीक्षा

बक्सर, 10 सितंबर (हि.स.)। जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक गुरुवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में हुई। बैठक में बाढ़, उर्वरक उपलब्धता, कृषि योजनाओं तथा किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण देने सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले के छह प्रखंडों की 26 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। इससे 1,317.50 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को प्रतिदिन प्रभावित पंचायतों का भ्रमण कर फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया।
उर्वरक उपलब्धता और कार्रवाई
उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा में जिले में 11,552.081 मीट्रिक टन यूरिया, 1,390.050 मीट्रिक टन डीएपी, 3,957.50 मीट्रिक टन एनपीके सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडार बताया गया। उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 537 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी हुई, जिसमें 17 में अनियमितता मिली। 10 की अनुज्ञप्ति रद्द, तीन निलंबित तथा चार से स्पष्टीकरण मांगा गया।
जैविक खेती और कृषि प्रशिक्षण
बैठक में जैविक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। किसानों को सफाई, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण, मूल्यवर्धन व परिवहन का प्रशिक्षण देने तथा कीटनाशक रहित सब्जी उत्पादन पाठशाला संचालित करने का निर्देश दिया गया। 148 अकार्यरत राज्य नलकूपों को शीघ्र चालू कराने का भी निर्देश दिया गया।