बक्सर के मझरिया गांव में जीविका सुधा बिक्री केंद्र शुरू, चांदनी देवी को मिला रोजगार

बक्सर में खुटहा पंचायत के मझरिया गांव में सोमवार को जीविका सुधा बिक्री केंद्र (JSBK) का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी साहिला ने केंद्र का उद्घाटन किया और इसे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल बताया। इस केंद्र के शुरू होने से ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर सुधा का दूध और विभिन्न दुग्ध उत्पाद आसानी से मिलेंगे।
यह जीविका सुधा बिक्री केंद्र संगम संकुल स्तरीय संघ (CLF) के अंतर्गत हीरा जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य चांदनी देवी को आवंटित किया गया है। केंद्र के संचालन से चांदनी देवी को नियमित आय और स्थायी आजीविका का अवसर मिलेगा, जिससे वह अपना व्यवसाय चलाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह केंद्र केवल दुग्ध उत्पादों की बिक्री का माध्यम नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुधा के दूध और अन्य उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जीविका से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार देना है।
उद्घाटन के अवसर पर उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला परियोजना प्रबंधक, संगम संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) के प्रतिनिधि, कॉम्फेड के कर्मी, जीविका के पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।