बक्सर में नन्हे कांवड़ियों ने निकाली कांवड़ यात्रा, भगवान शिव का किया जलाभिषेक

Ghazala Saheb22 August 20261 min read51 viewsBihar
बक्सर में नन्हे कांवड़ियों ने निकाली कांवड़ यात्रा, भगवान शिव का किया जलाभिषेक

बक्सर जिले के सरस्वती विद्या मंदिर, सिविल लाइंस में शनिवार को सावन माह के अवसर पर ‘सावन महोत्सव’ का आयोजन उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ किया गया। नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के करीब 72 छोटे शिवभक्त कांवड़ियों ने विद्यालय से सब्जी मंदिर स्थित शिवालय तक छोटी कांवड़ यात्रा निकाली। बच्चों ने बेलपत्र, पुष्प और गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया और समाज में धर्म, संस्कार तथा आस्था का संदेश दिया। इस दौरान दो नन्हे बच्चों ने भगवान शिव और माता पार्वती का रूप धारण किया तथा पदयात्रा में कई अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया।

सावन महोत्सव में आयोजित हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

कार्यक्रम का संचालन वाटिका प्रमुख आचार्या संजू सिंह के नेतृत्व में किया गया। महोत्सव के दौरान बच्चों की माताओं के लिए गायन और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें नृत्य प्रतियोगिता में मेनका प्रथम और कोमल द्वितीय रहीं। गायन प्रतियोगिता में शिखा ने पहला और सुमन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया तथा निर्णायक मंडल में आचार्या इंदु सिंह और सुमन दीदी ने भूमिका निभाई।

राखी और मेहंदी प्रतियोगिता के परिणाम रविवार को होंगे घोषित

बच्चों में कौशल और सृजनशीलता के विकास के लिए राखी निर्माण और मेहंदी रचना प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके परिणाम रविवार को घोषित किए जाएंगे। इस पूरे आयोजन में आराधना दीदी, ज्योति दीदी समेत अन्य आचार्यगण और कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बच्चों के उत्साह, अभिभावकों के सहयोग और सभी कार्यक्रमों को प्रेरणादायक बताया।

Share:

Comments

Leave a comment