बक्सर में महीनों से परेशान महिला की भूमि ऑनलाइन दर्ज, लोक शिकायत से मिली राहत

बक्सर में कई महीनों से अपनी जमीन ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही एक महिला को बड़ी राहत मिली है। लोक शिकायत निवारण कार्यालय की पहल पर इस मामले का तेजी से समाधान कर दिया गया है। महिला ने इस व्यवस्था के प्रति आभार जताया है।
केसठ प्रखंड के खरवनिया गांव की रहने वाली धनवंती देवी ने 3 जून 2026 को अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, डुमरांव में परिवाद दायर किया था। सुनवाई के दौरान मामले को गंभीर मानते हुए केसठ के अंचल अधिकारी को नोटिस जारी किया गया और जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया।
निर्देश मिलने के बाद अंचल कार्यालय ने जांच शुरू की और परिमार्जन के माध्यम से दिए गए आवेदन का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया। इस आवेदन की परिमार्जन आईडी 263025844979844 है।
समस्या हल होने के बाद धनवंती देवी ने लिखित सहमति दी। उन्होंने बताया कि लगातार कोशिशों के बाद भी समाधान नहीं हो रहा था, लेकिन लोक शिकायत में जाने पर काम पूरा हो गया। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों का धन्यवाद किया है।