बक्सर में 25 अगस्त से हर महीने लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान

Ghazala Saheb23 August 20261 min read46 viewsBihar
बक्सर में 25 अगस्त से हर महीने लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान

बक्सर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। सात निश्चय-03 के तहत सबका सम्मान, जीवन आसान के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इसकी शुरुआत 25 अगस्त 2026 से होगी। इस शिविर के जरिए छात्र अपनी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे।

किन संस्थानों में लगेगा शिविर

यह शिविर जिले के सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किया जाएगा। इनमें अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण एवं चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पारा मेडिकल महाविद्यालय, नर्सिंग स्कूल और विभिन्न कल्याण विभागों के छात्रावास, कस्तूरबा गांधी विद्यालय तथा छात्रावास शामिल हैं।

समस्या और सुझाव दर्ज करने की प्रक्रिया

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक समस्याओं से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके साथ ही वे शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव भी दे सकेंगे। प्राप्त सुझावों को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा समेकित किया जाएगा। लागू किए जा सकने वाले सुझावों को तय समय में लागू किया जाएगा, जबकि अन्य सुझावों पर उच्चस्तरीय शिक्षा सुधार समिति निर्णय लेगी।

30 दिनों में होगा शिकायतों का निस्तारण

शिविर में प्राप्त शिकायतों का अंतिम निस्तारण अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। निस्तारण से असंतुष्ट विद्यार्थी संबंधित शिकायत की सुनवाई मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में करा सकेंगे।

अधिकारियों की जिम्मेदारी और निगरानी

जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती अनन्या को जिम्मेदारी दी गई है। पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में अनुश्रवण कोषांग का गठन किया गया है। जिला प्रशासन ने शिविरों का मानक प्रक्रिया के तहत आयोजन, समयबद्ध निस्तारण और रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।

Share:

Comments

Leave a comment