11 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश दानापुर से गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को बिहार के दानापुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी दिलीप कुमार कुशवाहा उर्फ छोटू वर्ष 2015 में मुगलसराय क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण एवं फिरौती के मामले में करीब 11 वर्षों से वांछित चल रहा था। सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और 19 अगस्त को दानापुर, पटना से गिरफ्तार कर लिया।
घटना की पृष्ठभूमि
13 जनवरी 2015 को मैनाताली निवासी पीयूष भारूका घर से निकले थे, जिनकी स्कूटी केंद्रीय विद्यालय मानसनगर के गेट के पास लावारिस मिली थी। 16 जनवरी को परिजनों के मोबाइल पर अपहृत पीयूष के मोबाइल नंबर से फिरौती की कॉल आई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पीयूष भारूका को सकुशल बरामद कर लिया था। मामले में विवेचना पूरी होने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका था, लेकिन आरोपी दिलीप कुमार कुशवाहा लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
सर्विलांस से गिरफ्तारी
मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और सर्विलांस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम बिहार पहुंची और 19 अगस्त को दानापुर क्षेत्र से 50 हजार रुपये के इनामी दिलीप कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ चंदौली के अलावा बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इसमें वर्ष 2005 से 2012 के बीच अपहरण, आपराधिक षड्यंत्र, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बलवा और पुलिसकर्मियों पर हमले से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस उसे हिस्ट्रीशीटर भी बता रही है।