छपरा में डीडीसी ने जलजमाव क्षेत्र का किया निरीक्षण, नालों को अतिक्रमणमुक्त करने का दिया सख्त निर्देश

सारण में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने छपरा सदर प्रखंड के प्रभुनाथ नगर कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलजमाव की गंभीर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीडीसी ने जल निकासी में आ रही बाधाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि तात्कालिक उपायों के बजाय स्थायी समाधान आवश्यक है।
नालों को अतिक्रमणमुक्त करने का आदेश
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी से जुड़े प्रमुख नालों को चिन्हित करने को कहा। उन्होंने इन नालों की उड़ाही, जीर्णोद्धार तथा उन्हें तत्काल अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई का निर्देश
समस्या के प्रभावी समाधान के लिए कई अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीएचईडी के सहायक अभियंता, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी और बीडीओ सदर को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है।