छपरा नगर निगम के सफाई कर्मियों की चेतावनी, 15 सितंबर से जाएंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

Ghazala Saheb3 September 20261 min read5 viewsBihar
छपरा नगर निगम के सफाई कर्मियों की चेतावनी, 15 सितंबर से जाएंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

बिहार राज्य लोकल बॉडीज एम्प्लॉईज फेडरेशन इकाई छपरा नगर निगम ने सफाई कर्मियों के एरियर भुगतान और पीएफ अंशदान को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई है। संघ के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने महापौर को एक ज्ञापन सौंपकर सफाई मित्रों की लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है।

  • छपरा नगर निगम में सफाई कर्मियों ने 15 सितंबर 2026 से हड़ताल की चेतावनी दी है।
  • अप्रैल, मई और जून महीने की 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का एरियर भुगतान अब तक नहीं हुआ है।
  • हर माह पीएफ जमा करने और हड़ताल का पैसा न काटने की मांग की गई है।

ज्ञापन के अनुसार नगर निगम में दैनिक मजदूरी पर कार्यरत सफाई मित्रों की मजदूरी में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी जुलाई 2025 से लागू की गई है। हालांकि, कर्मियों का कहना है कि अप्रैल, मई और जून महीने की 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का एरियर भुगतान अब तक नहीं किया गया है।

संघ ने महापौर से मांग की है कि नगर आयुक्त को प्रोसीडिंग की प्रति और तीन माह के एरियर भुगतान हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि हड़ताल का पैसा न काटने तथा हर माह पीएफ जमा करने की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 15 सितंबर 2026 से सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बताया कि मेरे कार्यालय में कर्मचारी संघ द्वारा एक आवेदन पत्र उपलब्ध कराया गया है। हालांकि कर्मचारी संघ का जो मांग है उसकी पिछली बोर्ड की बैठक में ही मैं पास करके आगे की कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त को निर्देशित कर दिया है, वहीं नगर आयुक्त रणजीत कुमार से कई बार संपर्क करने के बाद भी उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो पाया।

Share:

Comments

Leave a comment