छपरा में डबल डेकर पुल का निर्माण कार्य दिन-रात तीन शिफ्टों में कराने का निर्देश

सारण में अधिकारियों ने निर्माणाधीन डबल डेकर पुल कार्य का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने रामलीला मठिया, पुराने बस स्टैंड, भिखारी ठाकुर चौक और मोना चौक से मेवालाल चौक तक के निर्माण क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुल निर्माण और जलजमाव हटाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के परियोजना निदेशक को काम की रफ्तार बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया। श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात चौबीस घंटे तीन शिफ्टों में काम पूरा कराने को कहा गया। सड़क, ड्रेनेज, गोलंबर और कंक्रीट के सभी कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। जलजमाव से निपटने के लिए पंप लगाकर पानी निकालने और ड्रेनेज व्यवस्था ठीक करने के आदेश दिए गए। सदर अनुमंडल पदाधिकारी को अभियंताओं की टीम के जरिए दैनिक निरीक्षण कर रोजाना रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में चूना व ब्लीचिंग पाउडर छिड़कने और एयरपोर्ट परिसर से एक महीने के भीतर मिट्टी हटाने की हिदायत दी गई।
अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था
अतिक्रमण के मामले में भिखारी ठाकुर चौक स्थित नील कोठी की लगभग पचास दुकानों पर नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। शहर में यातायात व्यवस्था ठीक रखने के लिए सदर एसडीएम और ट्रैफिक डीएसपी को वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसका प्रचार-प्रसार करने का निर्देश मिला। अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर नगर आयुक्त को जल निकासी सुनिश्चित करने और मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना के तहत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए ताकि नालियों और सड़कों की मरम्मत हो सके।