छपरा के कामता सखी मठ मार्ग पर जलजमाव से लोग परेशान, विकास के दावे फेल

सारण में छपरा का दहियावा टोला और पूर्वी प्रभुनाथ नगर स्थित कामता सखी मठ मार्ग पिछले चार से पांच सालों से गंभीर जलजमाव की चपेट में है। इस क्षेत्र को राजनीति के कद्दावर लोगों और बड़े अधिकारियों का ठिकाना माना जाता है, लेकिन यहाँ जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहाँ नगर निगम का गंदा पानी राष्ट्रीय राजमार्ग से मोहल्ले में प्रवेश करता है।
जलजमाव का मुख्य कारण
सांढा से पीडब्ल्यूडी एवं आवास बोर्ड की सड़क को बिना किसी पुलिया या उचित नाले के ऊंचा कर दिया गया है। स्थानीय निवासी सत्य प्रकाश वर्मा के अनुसार इसके कारण पानी का प्राकृतिक बहाव रुक गया और पानी उत्तर चवर में जाने के बजाय सीधे प्रभुनाथ नगर एवं कामता मठ मोहल्ले की सड़कों पर हमेशा जमा रहता है।
बीमारियों और हादसों का खतरा
दूषित पानी के बीच रहने से बच्चों और बुजुर्गों में गंभीर त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं। स्थानीय निवासी अविनाश श्रीवास्तव और मनोज सिंह ने बताया कि नालियों के ओवरफ्लो होने से बच्चों का स्कूल जाना और बीमारों का अस्पताल पहुँचना दूभर हो गया है। पंकज सिंह और कृष्ण गुप्ता के अनुसार सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं, हर कदम पर दुर्घटना का अंदेशा है और डेंगू-मलेरिया का खतरा मंडरा रहा है। कई बार ब्लॉक व आवास बोर्ड में लिखित गुहार लगाने के बाद भी जनप्रतिनिधि मौन बैठे हैं।