छपरा में 12 सितंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जागरूकता रथ रवाना

Ghazala Saheb7 September 20261 min read7 viewsBihar
छपरा में 12 सितंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जागरूकता रथ रवाना

सारण में आम लोगों को आसान और तेज न्याय दिलाने के लिए 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रांगण से एक विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह ने किया। यह जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों, गांवों और प्रमुख सार्वजनिक जगहों पर घूमेगा। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को लोक अदालत के जरिए आपसी समझौते से मामलों को जल्दी और मुफ्त में सुलझाने की जानकारी देना है।

जागरूकता रथ के जरिए दी जा रही है ये जानकारी

लाउडस्पीकर और पंपलेट्स के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि लोक अदालत के फैसलों के खिलाफ कोई अपील नहीं होती है। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है और दीवानी मामलों की कोर्ट फीस भी वापस मिल जाती है। इस प्रचार वाहन के जरिए बैंक लोन, दीवानी मामले, ट्रैफिक चालान, बिजली-पानी के बिल और वन विभाग से जुड़े मामलों को निपटाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वाहन को रवाना करते हुए जज अनंत सिंह ने कहा कि लोक अदालत न्याय का वह माध्यम है जहां किसी की हार नहीं होती, बल्कि दोनों पक्षों की जीत होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने पुराने मामलों को आपसी सहमति से खत्म करवाएं।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस कार्यक्रम के दौरान परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हम्बिर सिंह बाघेल, अपर सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद फ़ज़लूल बारी और अनुराग कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे। इसके अलावा विशेष उत्पाद न्यायाधीश, डीएलएसए सचिव राजीव कुमार, मुख्य एलएडीसीएस पूर्णेन्दु रंजन, कोर्ट के कर्मचारी और बिहार ग्रामीण बैंक के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment