छपरा सदर अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर चोरी का आरोपी कैदी फरार, तलाश जारी

सारण जिले के सदर अस्पताल से आज सुबह लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए भर्ती चोरी का एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया है। फरार होने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के पंडितपुर का पुरवा गांव का रहने वाला आदेश कुमार पांडे है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आदेश कुमार पांडे को हाल ही में हरिहरनाथ थाना पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। न्यायिक हिरासत में भेजने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और शरीर में कंपन होने लगा, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सोमवार सुबह आरोपी ने पुलिसकर्मियों से शौचालय जाने की बात कही। मौका पाकर उसने पुलिसकर्मियों की नजर बचा ली और अस्पताल परिसर से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक अमरजीत कुमार और जेलर अरविंद कुमार तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने कैदी वार्ड का निरीक्षण करके घटना की पूरी जानकारी ली और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की।
पुलिस अब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।