मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में अपनी मां स्व पार्वती देवी की पुण्य तिथि पर दी श्रद्धांजलि

भागलपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को अपनी माताजी एवं तारापुर की पूर्व विधायक स्व पार्वती देवी की पुण्य तिथि के अवसर पर मुंगेर जिला के असरगंज प्रखंड के तारापुर स्थित बीएड कॉलेज, पार्वती नगर पहुंचे। उन्होंने स्व पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने अपनी मां को स्मरण करते हुए कहा कि मातृशक्ति के रूप में उनका स्नेह, संस्कार और सेवा भावना सदैव स्मरणीय रहेगा। स्व पार्वती देवी का जीवन और उनके दिए संस्कार आनेवाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देती रहेगी तथा उनकी पुण्य स्मृतियां सदैव परिवारजनों और शुभचिंतकों के हृदय में जीवंत रहेंगी।
इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी ने अपनी धर्मपत्नी स्व पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर पथ निर्माण मंत्री ईं कुमार शैलेंद्र, विधायक कुमार प्रणय, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक मनीष कुमार, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।