मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले, प्रजापति समाज को आगे बढ़ाने और न्याय दिलाने के लिए सरकार खड़ी है

Ghazala Saheb23 August 20261 min read75 viewsBihar
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले, प्रजापति समाज को आगे बढ़ाने और न्याय दिलाने के लिए सरकार खड़ी है

बिहार कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति द्वारा पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में अमर शहीद रामचन्द्र विद्यार्थी का शहादत दिवस और नवनिर्वाचित विधान पार्षदों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि प्रजापति समाज को आगे बढ़ाने तथा न्याय दिलाने के लिये हम खड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के जीवन और बलिदान को सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। आज तीन वीर शहीदों को याद करने का दिन है और उन्होंने पंडित राजकुमार शुक्ल तथा अमर शहीद रामफल मंडल को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रजापति समाज की कला और संस्कृति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समाज साधारण मिट्टी को भी गढ़कर मूर्ति का रूप देता है। कुम्हार समाज ने अपनी कला, श्रम और हुनर से संस्कृति को समृद्ध किया है। बिहार को सजाने-संवारنے और विकास की नई रूपरेखा तैयार करने के लिए सबको मिलकर काम करना होगा।

पारंपरिक कला को संरक्षण देने के लिए अगले तीन महीने में माटी कला बोर्ड का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से कारीगरों के हित में योजनाबद्ध कार्य होगा और कारीगरों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण तथा उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद डॉ. भीम सिंह, विधायक आलोक सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधान पार्षद शीला पंडित, विधान पार्षद शिवरानी प्रजापति, समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष रूपेश कुमार पंडित और महामंत्री श्री प्रजापति पिंटू गुरू जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment