पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षा बंधन पर वृक्ष को बांधा रक्षा सूत्र और किया पौधरोपण

पटना में रक्षा बंधन और वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी वाटिका-1 में एक वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में नागलिंगम पौधे का रोपण भी किया।
राज्य स्तरीय वृक्ष सुरक्षा दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर प्रकृति और मानव जीवन के आपसी संबंध को रेखांकित किया। इस मौके पर यह संदेश दिया गया कि जिस तरह रक्षा बंधन पर सुरक्षा का संकल्प लिया जाता है, वैसे ही समाज को भी पेड़ों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में वृक्षों की भूमिका पर जोर दिया गया। विभाग के अनुसार पृथ्वी पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण और उनका संरक्षण जरूरी है। सरकार की योजनाओं से लोगों में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचन्द्र प्रसाद और अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव आलोक कुमार और प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविन्दर सिंह भी मौजूद रहे।