बिहार के बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिलों का मुख्यमंत्री ने किया दौरा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिलों का दौरा किया। उन्होंने हाजीपुर और सोनपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां रह रहे बाढ़ पीड़ितों से सीधे संवाद किया और राहत एवं बचाव कार्यों के साथ उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों में संचालित सामुदायिक रसोई में भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया और स्वयं लोगों को भोजन परोसा।
राहत शिविरों और सुविधाओं का निरीक्षण
वैशाली जिले में गंगा ब्रिज थाना के सामने संचालित बाढ़ राहत शिविर में मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन वितरण काउंटर और निबंधन-सह-नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। भोजन की गुणवत्ता की जांच करने के साथ उन्होंने शिविर में रह रहे लोगों से पूछा कि भोजन, रहने या अन्य सुविधाओं को लेकर उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि शिविर में पर्याप्त भोजन मिल रहा है और व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं।
स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत की। उन्होंने शैक्षणिक शिविर में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और खान-पान के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए की गई अलग-अलग आवासीय व्यवस्था का भी जायजा लिया और दोनों शिविरों में रह रहे लोगों से सीधे संवाद किया। स्वास्थ्य शिविर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उपलब्ध जांच एवं उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।
मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने पशु चिकित्सा शिविर की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पशुओं के लिए पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशु चारे की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ के पानी में डूबने से हुई मौत के मामलों में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।
सारण जिले के सोनपुर में निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री सारण जिले के सोनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर स्थित स्काउट एंड गाइड सेंटर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां कम्युनिटी किचन की व्यवस्था देखी और शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत कर भोजन, आवास और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के साथ भोजन भी किया और उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। शिविर में रह रहे लोगों ने राहत एवं व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
गंगा नदी के जलस्तर में गिरावट
हाजीपुर और सोनपुर में राहत शिविरों के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर में करीब 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि फरक्का बराज से अभी करीब 15 लाख क्यूसेक पानी का लगातार डिस्चार्ज हो रहा है। अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में और सुधार आने की संभावना है।