उत्तराखंड में राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ पटना में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

बिहार कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड में राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे और भाजपा की नीतियों के खिलाफ पटना में प्रदर्शन किया। इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने किया। गोसाई टोला मोड़ के आगे मेरीन ड्राइव मोड़ के पास सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला फूंका।
प्रभारी कृष्णा अल्लावरू का बयान
बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करने से कांग्रेस की आवाज नहीं दबेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संविधान और सामाजिक न्याय के लिए सड़क से सदन तक लड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डर और मुकदमों की राजनीति से कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी क्योंकि राहुल गांधी की लड़ाई गरीब, दलित, पिछड़े, युवा, किसान और मजदूर के लिए है।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के विचार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ते हैं। भाजपा को आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और दलितों, पिछड़ों व गरीबों के अधिकारों पर हमला हो रहा है।
कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन और मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुकदमे को राजनीतिक प्रतिशोध बताकर उसे तुरंत वापस लेने की मांग की। इस प्रदर्शन में मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ सहित असितनाथ तिवारी, मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, कमल कमलेश, कुमार आशीष, राजीव मेहता, शिव प्रकाश गरीब दास, कुमारी सोनी, गुंजन पटेल, ज्ञान रंजन, चन्द्रभूषण राजपूत, डा अमन कुमार, विमलेश तिवारी, कुमारी अनिता, रंजीत वाल्मीकी, राहुल पासवान, विशाल यादव, मेनका कुमारी, रवि कुमार, सत्येन्द्र कुमार, पूनम यादव, डा परवेज, प्रधान, शिवम राज और अन्य कांग्रेस व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल रहे।