बिहार में चक्रवात अर्नाब हुआ कमजोर, अब बढ़ेगी तपिश!
बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नाब का प्रभाव कम हो रहा है। अगले 48 घंटों में तापमान में 4-6 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। जानें अपने जिले का मौसम हाल।

बिहार में चक्रवात अर्नाब का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम होता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के कमजोर पड़ने के साथ ही राज्य के तापमान में भारी उछाल आने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और उमस बढ़ सकती है।
किन जिलों में होगी बारिश?
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा, दक्षिण-पूर्वी जिलों में जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी बौछारें पड़ने के आसार हैं। हालांकि, राजधानी पटना समेत राज्य के अन्य 26 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
तापमान में बढ़ोत्तरी की चेतावनी
राहत के साथ ही गर्मी बढ़ने के संकेत भी मिले हैं। अगले 48 घंटों के भीतर राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर में भी तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है। वहीं, पूर्णिया में शनिवार को मौसम में काफी सुधार देखा गया, जहां आसमान साफ होने से अधिकतम तापमान में 7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों का मौसम अपडेट
- बारिश का आंकड़ा: पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राज्य में कुल संचयी वर्षा 55.1 मिमी रही।
- हवा की रफ्तार: हवा की गति की बात करें तो रोहतास और भोजपुर में यह 46 किमी प्रति घंटा तक दर्ज की गई।
- तापमान का हाल: भभुआ में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस और अरवल में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
- भागलपुर का हाल: भागलपुर में शनिवार शाम तक चक्रवात का प्रभाव खत्म हो गया। सबौर और आसपास के इलाकों में 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
क्यों कम हुआ अर्नाब का असर?
पटना मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आनंद शंकर ने बताया कि तूफान का केंद्र अब पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सीमा से खिसककर आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ गया है, जिससे उत्तर बिहार पर इसका प्रभाव काफी कम हो गया है।
नया चक्रवाती सिस्टम बढ़ाएगा चिंता
भले ही अर्नाब का असर कम हो रहा है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती सिस्टम विकसित हो रहा है। इसके कारण 1 से 4 नवंबर के बीच दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।