दरभंगा में खौफ: कारोबारी को रोककर पीटा, फिर दोनों पैरों में मारी गोली
दरभंगा में जमीन विवाद को लेकर एक कारोबारी को बाइक रोककर पीटा और दोनों पैरों में गोली मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिहार के दरभंगा में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। शहर में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के संचालक को निशाना बनाते हुए बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अपराधियों ने कारोबारी को पहले रोका, उसके साथ मारपीट की और फिर दोनों पैरों में गोली मारकर उसे लहूलुहान कर दिया।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
घटना लहेरियासराय रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले ओवरब्रिज के नीचे रेलवे रैक पॉइंट के पास की है। घायल की पहचान बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबिलपुर गांव निवासी शैलेन्द्र झा (52) के रूप में हुई है। शैलेन्द्र झा शहर के कमर्शियल चौक पर 'खुशबू इलेक्ट्रॉनिक' नाम से दुकान चलाते हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे जब वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी बाइक को धक्का मारकर रोक दिया। जब उन्होंने विरोध किया और रुकने का कारण पूछा, तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके तुरंत बाद अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उनके दोनों पैरों में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जमीन विवाद बना हमले की वजह
गंभीर रूप से घायल शैलेन्द्र झा ने इस हमले के पीछे जमीन विवाद को मुख्य वजह बताया है। उनका आरोप है कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है और इसी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
"घटना के दौरान अनुज पासवान ने गोली मारने का इशारा किया, जिसके बाद फायरिंग की गई।" - घायल शैलेन्द्र झा
पीड़ित ने इस हमले में अनुज पासवान, रामशंकर हरि, रंजीत पासवान और महेश पासवान समेत छह लोगों पर सीधा आरोप लगाया है। हालांकि, दो अन्य हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
इलाके में दहशत और पुलिस की कार्रवाई
इस हिंसक घटना के बाद से इलाके में काफी दहशत का माहौल है। घायल शैलेन्द्र झा को तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच (DMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे के आरोप कितने सटीक हैं।