दरभंगा में बड़ा हादसा: खेलते समय करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से छह साल की बच्ची की मौत

Ghazala Saheb11 September 20261 min read10 viewsBihar
दरभंगा में बड़ा हादसा: खेलते समय करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से छह साल की बच्ची की मौत

दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान क्षेत्र के नदी थाना क्षेत्र के विशुनिया गांव में छह वर्षीय बच्ची लक्ष्मी कुमारी की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को हुई जब जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में बच्ची आ गई। मृतका विशुनिया गांव निवासी स्वर्गीय रामचंद्र यादव की पुत्री थी। वह तीन भाइयों की सबसे छोटी और परिवार की इकलौती बेटी थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

घटना की पूरी जानकारी

गुरुवार की रात तेज आंधी के दौरान बिजली पोल से तार टूटकर जमीन पर गिर गया था। रात होने के कारण किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। शुक्रवार की सुबह लक्ष्मी घर से खेलने निकली और खेलते-खेलते जमीन पर पड़े बिजली तार के संपर्क में आ गई। करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ी। परिजन उसे तत्काल कुशेश्वरस्थान अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सुबह तक जिस घर में बच्ची की चहक सुनाई दे रही थी, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया

सूचना मिलने पर नदी थानाध्यक्ष सुशील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से आंधी-तूफान के बाद टूटे तारों और क्षतिग्रस्त पोल की तत्काल जांच कराने तथा खुले में पड़े बिजली तारों को शीघ्र हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर तार हटाया जाता तो मासूम की जान बच सकती थी।

Share:

Comments

Leave a comment