दरभंगा आईटी पार्क में जल्द खुलेंगी राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों की शाखाएं, सांसद ने की समीक्षा

दरभंगा आईटी पार्क को सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में तेज पहल की जा रही है। शनिवार को स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने आईटी पार्क कार्यालय में अधिकारियों और कार्यरत आईटी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्टार्टअप के विस्तार की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ आईटी पार्क परिसर का निरीक्षण भी किया।
आईटी पार्क में स्टार्टअप्स की समीक्षा
सांसद ने आईटी पार्क में उपलब्ध सीटों का अधिकतम उपयोग करते हुए नए स्टार्टअप शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और नए उद्यम के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने एलएनएमयू के बिजनेस मैनेजमेंट सेंटर, इंजीनियरिंग कॉलेज सहित तकनीकी एवं प्रबंधन संस्थानों के छात्रों के लिए इंटर्नशिप शुरू कराने को लेकर संबंधित संस्थानों से समन्वय स्थापित करने को कहा।
राष्ट्रीय कंपनियों ने दिखाई रुचि
डॉ. ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में अविकेयर, अप्लायंस सॉल्यूशन तथा ब्लू नियो कैंप जैसी कंपनियां आईटी पार्क में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि 22 अगस्त को बेंगलुरु में हुई बैठक के दौरान कई राष्ट्रीय स्तर की आईटी कंपनियों एवं उद्यमियों ने दरभंगा आईटी पार्क में स्टार्टअप शुरू करने तथा परिसर का भ्रमण कर शाखा खोलने में रुचि दिखाई है। ईकोपाथ, माय दुकान, फ्रूटेक्स, सिल्करूटेक सॉल्यूशंस, रोबोप्रेनर एआई, एमसेंस, सुरेखा और व्हिजमाइंड्स सॉल्यूशंस समेत कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है। सांसद ने कहा कि इन कंपनियों के आने से दरभंगा में आईटी क्षेत्र को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
आईटी पार्क का उद्घाटन
18 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दस करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दरभंगा आईटी पार्क का वर्चुअल उद्घाटन किया था। यह आईटी पार्क मिथिला के युवाओं को डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया एवं मेक इन इंडिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।