दरभंगा: मैथिली ठाकुर के परिवार की विवादित दीवार पर चला प्रशासन का डंडा

दरभंगा के पोखरभिंडा में विधायक मैथिली ठाकुर के परिवार से जुड़े जमीन विवाद में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए विवादित दीवार को हटवा दिया है।

Ghazala Saheb12 November 20262 min read0 viewsBihar
दरभंगा: मैथिली ठाकुर के परिवार की विवादित दीवार पर चला प्रशासन का डंडा

बिहार के दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड अंतर्गत पोखरभिंडा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन ने विधायक मैथिली ठाकुर के परिवार से जुड़े एक जमीन विवाद पर बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार को डीसीएलआर और प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर विवादित दीवार को हटवा दिया।

ग्रामीणों ने लगाया था अतिक्रमण का आरोप

दरअसल, पोखरभिंडा गांव में अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के परिवार से संबंधित जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि इस जमीन के माध्यम से सार्वजनिक सड़क, तिवारी बाबा स्थान के पास स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल, तालाब के नाले और निजी रैयती जमीन पर कथित अतिक्रमण किया जा रहा है।

शिकायतकर्ताओं में गगन कुमार मिश्रा और रामउदार मिश्र शामिल हैं, जिन्होंने अपनी निजी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके अलावा, अन्य ग्रामीणों ने मिट्टी कटाई और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया था।

विधायक के पिता ने दी सफाई

इस पूरे मामले पर विधायक के पिता रमेश ठाकुर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जमीन उन्हीं लोगों से खरीदी गई है, जिनके साथ जमीन खरीदने का समझौता हुआ था। उन्होंने प्रशासनिक जांच पर भरोसा जताया और कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वहीं, विधायक के करीबियों का कहना है कि पोखरभिंडा में जो भवन प्रस्तावित है, उसका उद्देश्य क्षेत्र की जनता के बीच रहकर विकास योजनाओं की समीक्षा करना और जनसमस्याओं के समाधान के लिए बैठकें करना है।

निजी जमीन के विवाद अभी बाकी

प्रशासनिक कार्रवाई के बाद विवादित दीवार तो हट गई है, लेकिन मामला पूरी तरह सुलझा नहीं है। प्रभारी सीओ आलोक कुमार ने बताया कि निजी रैयतों की जमीन से संबंधित जो शिकायतें मिली हैं, उनका अभी निपटारा नहीं हुआ है।

प्रशासन अब उपलब्ध दस्तावेजों की जांच और संबंधित पक्षों की बात सुनकर उन शिकायतों का समाधान करेगा। राजस्व अभिलेखों, जमीन की मापी और दोनों पक्षों के साक्ष्यों के आधार पर ही शेष विवाद का निपटारा किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment