दरभंगा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 1500 ट्रैफिक चालानों का हुआ सफल निपटारा

बिहार के दरभंगा में व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष कुमार पांडेय, जिलाधिकारी कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रड्डी जला रड्डी और प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने दीप प्रज्जवलित करके किया। लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति और सुलह के आधार पर मामलों का त्वरित समाधान करना है।
सफल संचालन के लिए जिले में कुल 30 बेंच का गठन किया गया था, जिनमें व्यवहार न्यायालय दरभंगा में 22, बेनीपुर में 4 और बिरौल में 4 बेंच शामिल थे। इन बेंचों पर आपराधिक मामलों, एनआई एक्ट, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना, बिजली-पानी बिल, वैवाहिक और राजस्व मामलों की सुनवाई की गई।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक चालानों के निपटारे हेतु विशेष काउंटर लगाए गए थे। जिला परिवहन पदाधिकारी के अनुसार इस दौरान करीब 1500 ट्रैफिक चालानों का निपटारा किया गया। उद्घाटन के बाद न्यायाधीश ने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय लोक अदालत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।