दरभंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से विकास मित्र राम किशोर राम की दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम

दरभंगा जिला अंतर्गत मनीगाछी थाना क्षेत्र के टटुआर पंचायत के विकास मित्र राम किशोर राम की शुक्रवार देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। राम किशोर राम वर्ष 2010 से विकास मित्र के पद पर कार्यरत थे और शुक्रवार शाम वे अपने मित्र महावीर ठाकुर के साथ कपड़े की खरीदारी के लिए सरिसब पाही बाजार गए थे। इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे वे बाइक समेत ट्रक में फंस गए और करीब 20-25 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। इस भीषण हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनके साथ रहे महावीर ठाकुर सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जगरनाथपुर स्थित घर पहुंचते ही वृद्ध मां जीबछी देवी, पत्नी कल्पना देवी और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक सहायता
घटना की सूचना मिलते ही मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पंडौल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेजा। राम किशोर राम अपने पीछे पत्नी, करीब 70 वर्षीय वृद्ध मां और दो मासूम बच्चों पांच वर्षीय पुत्री अनुष्का भारती और तीन वर्षीय पुत्र अभियंक कुमार को छोड़ गए हैं जिनके सामने अचानक हुई इस मौत से आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। शनिवार को बीडीओ संदीप कुमार पाण्डेय एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रिंस कुमार झा ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। बीडीओ ने बताया कि आपदा विभाग से चार लाख रुपये तथा एससी-एसटी कल्याण विभाग से चार लाख रुपये यानी कुल आठ लाख रुपये की सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और विधवा को अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।