कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए फरीदाबाद और दिल्ली बॉर्डर को आधी रात से पूरी तरह से सील कर दिया गया है। यहां पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। केवल जरूरी सेवाओं से जुडे लोगों को स्वास्थ्य जांच के बाद ही पास दिया जा रहा है। केवल रसद वाली गाड़ी को ही जांच के बाद आने- जाने दिया जा रहा है।

 
गृह मंत्री अनिल विज के आदेश के बाद सोमवार सुबह से पुलिस ने दिल्ली बॉर्डर पर और अधिक सख्ती कर दी है। अब गृह मंत्रालय के अंतरराज्यीय पास के बिना किसी को दिल्ली से फरीदाबाद में आवागमन नहीं करने दिया जाएगा। पहले स्थानीय प्रशासन की तरफ से जारी मूवमेंट पास के आधार पर दिल्ली में लोगों को आने-जाने दिया जा रहा था। आपातकालीन सेवाओं को इस सख्ती से छूट है।

इसके अलावा राशन, फल व सब्जी के वाहनों को भी आवागमन करने दिया जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि अगर कोई व्यक्ति दिल्ली में नौकरी करता है तो उसे वहीं रुकना होगा। अगर ऐसा संभव नहीं है तो गृह मंत्रालय से अंतरराज्यीय पास लेना होगा। वैसे लॉकडाउन के बाद से ही फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली सीमा को सील किया हुआ है। गृह मंत्री के आदेश के बाद रविवार रात से चौकसी व सख्ती बढ़ा दी गई है। सुबह लोग पुलिसकर्मियों से उलझते भी नजर आए। लोगों को समझाने में पुलिस के पसीने छूट गए। फरीदाबाद से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली के विभिन्न मंत्रालयों में काम करते हैं। उनकी परेशानी बढ़ गई है।
 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *