सुपौल में डीएम ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षा चलाने का दिया सख्त निर्देश

सुपौल, 10 सितंबर (हि.स.): जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्वाह्न करीब 11 बजे सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), जनता फागू मेहता उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय बैसा का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया।
शिक्षक उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान शिक्षक उपस्थिति पंजी की जांच की गई। विद्यालय में पदस्थापित 12 शिक्षकों में से 10 शिक्षक उपस्थित पाए गए। एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर थीं, जबकि एक शिक्षक आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण में गए हुए थे। विद्यालय में कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से होता पाया गया।
पाठ-टिप्पणियों और मूल्यांकन पुस्तिकाओं का अवलोकन
डीएम ने शिक्षकों द्वारा तैयार की जा रही पाठ-टिप्पणियों एवं बच्चों की साप्ताहिक मूल्यांकन उत्तर पुस्तिकाओं का भी अवलोकन किया। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और शिक्षकों की तैयारी से संतुष्ट होकर उन्होंने संबंधित शिक्षकों एवं बच्चों को बुलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही शिक्षकों को इससे भी बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया।
लैब और स्मार्ट क्लास का निरीक्षण
इसके अलावा डीएम ने विद्यालय में संचालित आईसीटी लैब, आईएसएम लैब, स्मार्ट क्लास, वर्ग कक्ष एवं शौचालय का निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। विद्यालय परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय बैसा एवं प्राथमिक विद्यालय कबियाही (शिफ्ट) का भी निरीक्षण किया गया।
कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षा का निर्देश
वर्ग कक्ष की कमी को देखते हुए दोनों विद्यालयों का पठन-पाठन एक साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय बैसा में कक्षा चार के कुछ बच्चों द्वारा हिंदी का पाठ धाराप्रवाह नहीं पढ़ पाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित वर्ग शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाते हुए कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन कर उन्हें शैक्षणिक रूप से मुख्यधारा में लाने का निर्देश दिया। डीएम ने मौके पर मौजूद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने तथा विद्यालय का लगातार निरीक्षण करते रहने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।