डीएम के औचक निरीक्षण में चौसा और इटाढ़ी सीएचसी की खुली पोल, कई डॉक्टर और कर्मी गायब मिले

बक्सर में जिला पदाधिकारी साहिला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा एवं इटाढ़ी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस निरीक्षण के समय भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर और विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा भी उपस्थित रहे।
कौन-कौन अधिकारी और कर्मी मिले अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, दो चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक, लिपिक, BCM, LT (PAC), PMAM, BM&EA, VBDS सहित पांच ममता कार्यकर्ता अनुपस्थित मिले। डीएम ने अनुपस्थित चिकित्सकों के उस दिन के वेतन भुगतान पर रोक लगाते हुए सिविल सर्जन से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया। इसके अलावा LT (PAC), PMAM, BM&EA एवं VBDS के वेतन या मानदेय में कटौती के साथ स्पष्टीकरण का निर्देश दिया गया।
निलंबन और चयनमुक्ति की कार्रवाई
स्वास्थ्य प्रबंधक, BCM एवं लिपिक के लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चार ममता कार्यकर्ताओं को चयनमुक्त करने का निर्देश दिया गया। एक ममता कार्यकर्ता द्वारा अग्रिम उपस्थिति दर्ज करने के मामले में भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अस्पताल की व्यवस्था और दवा वितरण की समीक्षा
डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया, जो संतोषजनक नहीं पाए गए। इस पर सिविल सर्जन एवं डीपीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया। निरीक्षण के दौरान दवा वितरण एवं स्टॉक की भी समीक्षा की गई। फार्मासिस्ट को हर महीने एक्सपायरी होने वाली दवाओं की सूची तैयार करने, एक्सपायरी दवाओं को उपयोग से हटाने और नियमानुसार नष्ट करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सिविल सर्जन एवं डीपीएम को सीएचसी इटाढ़ी का नियमित औचक निरीक्षण कर समय पर उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।