सुखानी बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामान बेचने का भंडाफोड़, एफआईआर दर्ज

किशनगंज के सुखानी थाना क्षेत्र के बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल करके नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले में कंपनी के प्रतिनिधि के आवेदन पर सुखानी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
छापेमारी में बरामद हुए नकली सामान
पुलिस के अनुसार कंपनी के प्रतिनिधि शीतल कुमार झा को बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सामान बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद 7 सितंबर को वे पुलिस टीम के साथ संबंधित दुकान पर पहुंचे और वहां पर तलाशी ली। आवेदन में दुकान से अलग-अलग ब्रांडों के नाम और मार्का लगे हुए कई सारे नकली सामान बरामद होने का दावा किया गया है।
कौन-कौन से सामान हुए बरामद
बरामद किए गए सामानों में एंकर प्लग, टॉप 3-पिन, इलेक्ट्रॉनिक एलिमेंट, सोल्डरिंग पेस्ट, आयरन मशीन, आयरन प्रेस का गोल बटन, केबल कवर और आयरन के बैंक या प्लेट पर लगने वाला काला कवर समेत अन्य कई सामान शामिल हैं। इनमें एंकर और प्रेस्टिज समेत अन्य कई बड़े ब्रांडों के कथित नकली मार्का लगे हुए सामान भी शामिल बताए गए हैं।
दुकानदार नहीं दिखा पाया कोई दस्तावेज
आवेदन के मुताबिक छापेमारी के दौरान दुकान पर जो व्यक्ति मौजूद था उसने अपना नाम बिंदु कुमार और अपने पिता का नाम रंजीत राय बताया। बरामद किए गए सामान के संबंध में मौके पर किसी भी तरह का कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद सभी सामानों को जब्त कर लिया गया और दो गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार करके पुलिस को सौंप दी गई।
पुलिस कर रही है मामले की आगे की जांच
बुधवार को सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में थाना कांड संख्या 54/26 दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है। वहीं इस मामले में आरोपी पक्ष का पक्ष जानने का भी लगातार प्रयास किया जा रहा है। आरोपी पक्ष की तरफ से प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी इस खबर में आगे शामिल किया जाएगा।