फारबिसगंज में परिचित के बेटे ने मोबाइल से धोखाधड़ी कर उड़ाये 50 हजार रुपये, थाने में शिकायत दर्ज

अररिया के फारबिसगंज में एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पोखर बस्ती वार्ड संख्या 15 निवासी 40 वर्षीय ललन ठाकुर ने थाने में लिखित आवेदन देकर परिचित के पुत्र द्वारा मोबाइल से 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह बेहद गरीब है और उसने बेटी की शादी के लिए बैंक खाते में पैसे जमा किए थे। उन्होंने आरोपी युवक शशि कुमार उर्फ कोकू के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की पूरी जानकारी
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोपी शशि कुमार उर्फ कोकू उनके परिचित विपिन पोद्दार का पुत्र है। आरोपी बातचीत करने के बहाने अक्सर उनका मोबाइल लेता था और इसी दौरान उनका यूपीआई पिन जान गया था। इसके बाद उसने मौका पाकर बिना किसी जानकारी के 19 अगस्त से 13 सितम्बर के बीच कभी पांच हजार तो कभी दस हजार करके कुल 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
बेटे ने की जांच और सामने आया सच
पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब उनके बेटे ने मोबाइल की जांच की। 11 सितम्बर की घटना का सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो साक्ष्य भी मौजूद है, जिसमें आरोपी द्वारा मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने की गतिविधि कैद हुई है। पीड़ित ने इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।