फारबिसगंज में महावीरी झंडा शोभायात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा सख्त प्रतिबंध

फारबिसगंज सांवलिया कुंज ठाकुरबाड़ी से निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस को लेकर अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक हुई। एसडीएम अभय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। सौ साल से अधिक पुराने इस जुलूस में आपसी सौहार्द्र और भाईचारा बनाए रखने पर चर्चा की गई। जुलूस के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कई जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने स्पष्ट कहा कि महावीरी झंडा शोभायात्रा जुलूस में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी अखाड़े में डीजे का इस्तेमाल नहीं होगा और नियम तोड़ने पर डीजे जब्त करने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग को लटके हुए तारों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के अखाड़े वाले रास्तों के गड्ढे ठीक करने को कहा गया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सभी थानाध्यक्षों को असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जुलूस के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। बैठक में एसडीपीओ, डीसीएलआर, बीडीओ, सीओ, मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।