गंडक नदी में बाढ़ का भारी खतरा: बगहा पुलिस और जिला प्रशासन ने जारी की अति आवश्यक चेतावनी

पश्चिम चम्पारण के बगहा में नेपाल के त्रिशूली नदी क्षेत्र में भूस्खलन और चीन में बाँध टूटने के बाद नारायणी नदी में भारी पानी छोड़े जाने से गंडक नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि और बाढ़ की प्रबल संभावना है। बगहा पुलिस ने नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में नदी किनारे बसे गांवों और संवेदनशील इलाकों में नागरिकों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सूचना दी जा रही है।
विशेष रूप से मछुआरों, नाविकों, मजदूरों और नदी से संबंधित कार्य करने वाले लोगों से तत्काल सावधानी बरतने को कहा गया है। बगहा पुलिस ने अपील की है कि लोग नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं। नदी में प्रवेश करने, नाव चलाने और मछली पकड़ने से फिलहाल पूरी तरह बचें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस पदाधिकारी को सूचना देने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तटीय और निचले इलाकों के नागरिक तुरंत घर खाली कर ऊंचे स्थानों या शरण स्थलों पर चले जाएं। जिला प्रशासन ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 06254-247002, 06254-247003 और मोबाइल नंबर 8757547904 जारी किए हैं।