गंडक नदी में बाढ़ का खतरा: चंपारण के कई गांव जलमग्न

नेपाल में पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी में बाढ़ का खतरा काफी बढ़ गया है। नदी के रौद्र रूप ने बिहार के चंपारण इलाकों में हड़कंप मचा दिया है। वाल्मीकिनगर गंडक बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति बेहद गंभीर हो गई है।
बराज से छोड़ा गया 5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी
नदी के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 5 लाख 43 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। इस भारी बहाव के कारण पश्चिमी चंपारण से लेकर पूर्वी चंपारण तक के तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका है। कई जगहों पर बाढ़ का पानी पहले ही गांवों और सड़कों में घुस चुका है।