गया में सड़क हादसा: स्कूल बस ने बाइक को रौंदा, युवक की मौत

गया के आमास में सड़क हादसा: स्कूल बस ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में 23 वर्षीय नीरज कुमार की मौत।

Ghazala Saheb31 October 20261 min read0 viewsBihar
गया में सड़क हादसा: स्कूल बस ने बाइक को रौंदा, युवक की मौत

गया में सड़क हादसा होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आमास थाना क्षेत्र के कुदाशीन गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 23 वर्षीय युवक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

खरीदारी कर घर लौट रहे थे युवक

मिली जानकारी के अनुसार, हरदासपुर गांव के निवासी वशिष्ठ यादव का पुत्र नीरज कुमार अपने साथी विवेक कुमार के साथ शेरघाटी बाजार से खरीदारी कर वापस लौट रहा था। जब वे आनंद रिसॉर्ट के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

बस के पहिए के नीचे आया नीरज

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूल बस बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीरज और विवेक दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच, दुर्भाग्यवश बस का पिछला पहिया नीरज के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने ड्राइवर को पकड़ा

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शी बिट्टू सिंह ने घायल विवेक कुमार को तुरंत शेरघाटी सब-डिविजनल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने नीरज कुमार को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल बस और उसके ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद हरदासपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

Share:

Comments

Leave a comment