बिहार में ग्राम कचहरी न्याय मित्रों ने नीतीश कुमार से की मुलाकात, सेवा स्थायी करने की मांग

ग्राम कचहरी न्याय मित्र संघ कैमूर, भभुआ के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके 7, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपा जिसमें न्याय मित्रों की सेवा को स्थायी करने तथा मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने नीतीश कुमार से आग्रह करते हुए कहा कि वर्तमान में मिलने वाला लगभग 7,000 रूपये मासिक मानदेय महंगाई को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि साल 2007 में नियुक्ति के बाद से ही न्याय मित्र ग्राम कचहरियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं और न्याय मित्रों की भूमिका केवल न्यायिक कार्यों तक सीमित नहीं रही है, बल्कि समय-समय पर सरकार एवं प्रशासन द्वारा सौंपे गए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में भी उन्होंने योगदान दिया है।
नीतीश कुमार ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना एवं उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।